केरलम : विजयन सबसे पिछड़े क्षेत्र अट्टापाडी में शिशुओं की मौत के बीच एक शोकसंतप्त परिवार से मिले

केरल के अट्टापाडी में शिशुओं की मौतों के बीच पिनरायी विजयन ने शोकसंतप्त परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। मानवाधिकार आयोग ने मौतों के कारणों की विशेषज्ञ जांच के निर्देश दिए

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलक्कड़ : 18 नवंबर (भाषा) केरलम विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनरायी विजयन ने बुधवार को राज्य में सबसे पिछड़ी आदिवासी बस्तियों में से एक, अट्टापाडी का दौरा किया तथा उन माता-पिता से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी, जिनके छोटे बच्चों की मौत हो गयी है।

उत्तरी पलक्कड़ जिले में अट्टापाडी मुख्य रूप से एक आदिवासी क्षेत्र है तथा वहां हाल के महीनों में स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न समस्याओं के कारण कई शिशुओं की मौत हुई है। विजयन ने मुक्काली में राजी के घर जाकर उससे मुलाकात की एवं उसे सात्वंना दी। राजी के नवजात बच्चे की हाल में मृत्यु हो गई थी। इस दौरान विजयन के साथ पूर्व मंत्री पी. प्रसाद एवं एम. बी. राजेश तथा उनकी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के अन्य स्थानीय नेता भी मौजूद थे।

माकपा ने आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस नीत नयी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के सत्ता में आने के बाद पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। उसने दावा किया कि अधिकारियों ने अट्टापाडी में चल रही सामुदायिक रसोई भी बंद कर दी है। विजयन का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब केरल राज्य मानवाधिकार आयोग ने स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा निदेशालय को निर्देश दिया है कि वे अट्टापाडी में हाल में हुई शिशुओं की मौतों के कारणों की जांच के लिए अलग-अलग विशेषज्ञ दल गठित करें।

बच्चों की मौत की खबरों के बाद, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने आदिवासी क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाने की घोषणा की। हाल में अट्टापाडी के अपने दौरे के दौरान, मंत्री ने स्वास्थ्य कर्मियों और स्थानीय प्रतिनिधियों से बातचीत करके ज़मीनी हालात का जायजा लिया तथा कोट्टाथारा ट्राइबल स्पेशलिटी अस्पताल के कामकाज की समीक्षा की।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।