Ranchi News: रांची जिले के बुंडू अनुमंडल अस्पताल में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. अस्पताल के महिला शौचालय के कमोड में नवजात शिशु का शव मिलने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी अस्पताल कर्मियों के माध्यम से प्रबंधन को मिली, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल बुंडू थाना पुलिस को सूचना दी.

महिला कर्मचारी की नजर पड़ी नवजात के शव पर
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अस्पताल की एक महिला कर्मचारी महिला शौचालय गई थी. इसी दौरान उसकी नजर कमोड में पड़े नवजात शिशु के शव पर पड़ी. उसने तुरंत इसकी जानकारी अन्य अस्पताल कर्मियों को दी. इसके बाद अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी गई. शौचालय से दुर्गंध आने की बात भी सामने आई है.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही बुंडू थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने नवजात के शव को कमोड से निकलवाकर अपने कब्जे में लिया. बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो के अनुसार, नवजात लड़का था और प्रथम दृष्टया शव लगभग एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा था.
पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा जाएगा शव
पुलिस के अनुसार, नवजात के शव को शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नवजात की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को अस्पताल परिसर में कौन लेकर आया था और किन परिस्थितियों में महिला शौचालय के कमोड में उसका शव छोड़ा गया. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.


