145 करोड़ खर्च होने के बाद भी सिसई के गांवों तक नहीं पहुंचा पानी, चार साल से अधर में नल-जल योजना

145 करोड़ खर्च होने के बाद भी गुमला के सिसई में नल-जल योजना चार साल से अधूरी, मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने जताई नाराजगी; तय समय में काम पूरा करने के सख्त निर्देश।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Gumla : झारखंड के ग्रामीण इलाकों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के दावों के बीच गुमला जिले से बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। सिसई प्रखंड के पोड़ा पाहन टोली में करीब 145 करोड़ रुपये की लागत से बन रही हर घर नल-जल योजना चार साल बीतने के बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। शुक्रवार को पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने योजना स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्य का जायजा लिया। काम में देरी देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई और अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी को कड़ी फटकार लगाई।

पावर प्लांट और इंटेक वेल का किया निरीक्षण

Image

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने गांव पहुंचकर योजना के पावर प्लांट और इंटेक वेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से भी काम में हो रही देरी का कारण पूछा।

ठेकेदार और अभियंताओं को लगाई फटकार

Image

योजना की धीमी रफ्तार और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर मंत्री ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने ठेकेदार और संबंधित अभियंताओं को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। मंत्री ने साफ कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल हो और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए।

तय समयसीमा में काम पूरा करने का निर्देश

Image

मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को योजना की नियमित निगरानी करने और निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे में करोड़ों रुपये की लागत वाली योजना का वर्षों तक अधूरा रहना गंभीर विषय है।

मंत्री ने निर्माण एजेंसी और विभाग को तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया। अब देखना होगा कि मंत्री के निरीक्षण और सख्त निर्देशों के बाद चार साल से अधूरी पड़ी इस योजना का काम कितनी तेजी से आगे बढ़ता है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।