मुंबई: टाटा ट्रस्ट की दो प्रमुख परोपकारी संस्थाओं ने शुक्रवार को अपनी बैठकों में सामाजिक उत्थान से जुड़ी परियोजनाओं के लिए 250 करोड़ रुपये से अधिक के अनुदान मंजूर किए। बैठकों में विवादित मुद्दों से परहेज करते हुए मुख्य रूप से तय एजेंडे पर चर्चा की गई। जानकार सूत्रों के मुताबिक, सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) ने पुणे के जहांगीर अस्पताल के विस्तार के लिए 50 करोड़ रुपये का अनुदान मंजूर किया। इसके अलावा खेल अकादमी, गरीबी उन्मूलन और बालिकाओं के कल्याण से जुड़ी परियोजनाओं के लिए भी अनुदान स्वीकृत किए गए। इनमें से कई परियोजनाएं पिछड़े क्षेत्रों में हैं। एसडीटीटी की बैठक में कुल 150-200 करोड़ रुपये के अनुदान मंजूर किए गए।



