कोच्चि: केरल उच्च न्यायालय ने त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) की प्रशासनिक व्यवस्था के डिजिटलीकरण का काम कर रही परियोजना प्रबंधन इकाई (पीएमयू) को सॉफ्टवेयर मॉड्यूल विकसित करने और उन्हें लागू करने का काम जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है।

अदालत ने कहा कि मौजूदा शबरिमला तीर्थयात्रा सत्र के दौरान सन्निधानम के प्रशासन के लिए जरूरी मॉड्यूल को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

न्यायमूर्ति राजा विजयराघवन वी. और न्यायमूर्ति के. वी. जयकुमार की पीठ ने कहा कि इसका उद्देश्य प्रशासन की एक पारदर्शी, जवाबदेह और कुशल व्यवस्था स्थापित करना, मानवीय हस्तक्षेप की गुंजाइश कम करना और यह सुनिश्चित करना होना चाहिए कि सन्निधानम में होने वाली गतिविधियों तथा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की प्रभावी निगरानी की जा सके।
अदालत ने यह भी कहा कि परियोजना प्रबंधन इकाई ने अपेक्षाकृत कम समय में सराहनीय प्रगति की है।
अदालत ने कहा, “यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि क्रियान्वयन की गति बनी रहे और प्रत्येक मॉड्यूल की विश्वसनीयता, कार्यक्षमता तथा समय पर उसे लागू करने पर उचित ध्यान दिया जाए।’’
परियोजना प्रबंधन इकाई ने पीठ को यह भी बताया कि उसने त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) द्वारा फिलहाल इस्तेमाल किए जा रहे मौजूदा वर्चुअल कतार मॉड्यूल की सावधानीपूर्वक जांच की है, उसका विस्तृत मूल्यांकन किया है और उसमें मौजूद कमियों की पहचान की है।
पीठ ने कहा, ‘‘यह बताया गया है कि टीडीबी द्वारा फिलहाल इस्तेमाल किया जा रहा वर्चुअल कतार मॉड्यूल गेस्ट हाउस मॉड्यूल से जुड़ा हुआ नहीं था। अब इस समस्या को दूर कर दिया गया है। यह भी बताया गया है कि उन्होंने एक कृत्रिम मेधा (एआई) डैशबोर्ड तैयार किया है, जिसका इस्तेमाल सभी वरिष्ठ अधिकारी, देवस्वओम बोर्ड के सदस्य और यह अदालत प्रत्येक गतिविधि का आकलन करने के लिए कर सकते हैं।’’
अदालत ने कहा, ‘‘इन परिस्थितियों में हम परियोजना प्रबंधन इकाई को निर्देश देते हैं कि वह पहचाने गए मॉड्यूल के विकास और उन्हें लागू करने का काम जल्द से जल्द पूरा करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए। मौजूदा तीर्थयात्रा सत्र के दौरान सन्निधानम के प्रशासन के लिए आवश्यक मॉड्यूल को प्राथमिकता दी जाए।’’
ये निर्देश बोर्ड के डिजिटलीकरण से संबंधित अदालत द्वारा स्वत: संज्ञान लेकर शुरू की गई याचिका पर सुनवाई के दौरान दिए गए।


