Ranchi News: रांचीवासियों के लिए जरुरी खबर है। रविवार को गुरु नानक जयंती पर निकलने वाली नगर कीर्तन शोभायात्रा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक राजधानी के प्रमुख मार्गों पर सभी तरह के वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान दोपहर 2 बजे से रेडियम चौक से शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक और रतन पीपी चौक होते हुए सुजाता चौक तक गाड़ियों की आवाजाही बंद रहेगी। वहीं, पिस्का मोड़ से मेन रोड, दुर्गा मंदिर रोड, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक और महावीर चौक होते हुए शहीद चौक तक भी शोभायात्रा के समाप्त होने तक गाड़ियों के परिचालन पर रोक रहेगी।

शहर में भारी और छोटे मालवाहक वाहनों के एंट्री पर रोक
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि, उनके निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। इस दौरान खरीदारी, घूमने या जरूरी काम से बाजार जाने वाले लोग असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें या दोपहर 2 बजे से पहले ही काम निपटा लें। वहीं, शहर में भारी और छोटे मालवाहक वाहनों के एंट्री पर अलग-अलग समय पर रोक रहेगी। बता दें, भारी मालवाहक वाहन शहर में सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक प्रवेश नहीं कर पाएंगे। उन्हें रिंग रोड के रास्ते होकर अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा। वहीं, छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक रोक रहेगी।

इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
अगर आपको सुजाता चौक से मेन रोड जाना है तो, आप रतन पीपी चौक से दाएं मुड़कर कर्बला चौक के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस ने अन्य मार्गों पर भी वाहनों को डायवर्ट किया है। मेट्रो गली से बिड़ला मैदान तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक और सुजाता चौक से गुरुनानक पब्लिक स्कूल, पीपी कंपाउंड तक शाम 5 बजे तक वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। अगर शहरवासी किसी जरूरी और इमरजेंसी काम से घर से निकल रहे हैं तो थोड़ा पहले घर से निकलें।


