‘कल्याणी परिवार की एक लाख करोड़ रुपये की संपत्ति का विवाद सुलझाने के लिए मध्यस्थता विफल’

कल्याणी परिवार की एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की पैतृक संपत्ति का विवाद मध्यस्थता से नहीं सुलझा। सुप्रीम कोर्ट ने अब एकमात्र पंच नियुक्त करने का विकल्प सुझाया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: कल्याणी परिवार की एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से जारी उत्तराधिकार विवाद को मध्यस्थता के जरिए सुलझाने का प्रयास विफल हो गया है। इस मामले में मध्यस्थ नियुक्त किए गए उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एल. नागेश्वर राव ने सोमवार को शीर्ष अदालत को यह जानकारी दी। भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची एवं न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने विवाद से जुड़े पक्षों से सभी विवादों के निपटारे के लिए एकमात्र पंच (आर्बिट्रेटर) नियुक्त करने की संभावना तलाशने को कहा। पीठ ने कहा, ‘‘प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, मध्यस्थता विफल रही है। हम पक्षों से एकमात्र पंच के जरिए विवाद सुलझाने की संभावना तलाशने का आग्रह करते हैं। याचिकाकर्ता और प्रतिवादी संख्या पांच के वकीलों को इस पर कोई आपत्ति नहीं है। डॉ. अभिषेक सिंघवी (अन्य पक्षों की ओर से) इस बारे में निर्देश प्राप्त करें कि क्या सभी विवाद एक ही पंच को सौंपे जा सकते हैं।’’ अदालत ने मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद के लिए निर्धारित की।

न्यायालय ने कल्याणी परिवार की पैतृक संपत्ति से जुड़े विवाद को आपसी सहमति से सुलझाने की संभावना तलाशने के लिए न्यायमूर्ति राव को 13 जुलाई को एकमात्र मध्यस्थ नियुक्त किया था। शीर्ष अदालत ने भारत फोर्ज के चेयरमैन बाबा कल्याणी और उनकी बहन सुगंधा हिरेमठ की ओर से पेश वरिष्ठ वकीलों से उत्तराधिकार विवाद को मध्यस्थता के जरिए सुलझाने की संभावना तलाशने का आग्रह किया था। वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी, कपिल सिब्बल और आर्यमा सुंदरम कल्याणी परिवार की ओर से पेश हुए थे, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता श्याम दीवान ने सुगंधा हिरेमठ का प्रतिनिधित्व किया। यह विवाद कल्याणी परिवार की पैतृक संपत्ति पर दावों से जुड़ा है, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख करोड़ रुपये से अधिक बताई जाती है। इस संबंध में विभिन्न अदालतों और न्यायिक मंचों पर कार्यवाही चल रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।