Jharkhand News: झारखंड के चतरा जिले में एक दर्दनाक हादसे में सात साल के मासूम की डूबने से मौत हो गई। घटना सिमरिया थाना क्षेत्र के तपसा गांव की है, जहां नदी पर बने चेकडैम में डूबने से छात्र आनंद कुमार गुप्ता की जान चली गई। वह गांव के महानंद साव का बेटा था और पत्थलगड्ढा स्थित गुरुकुल आवासीय विद्यालय में तीसरी कक्षा में पढ़ता था।

दोस्तों के साथ खेलने निकला था आनंद
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब चार बजे आनंद घर के पास दोस्तों के साथ खेलने निकला था। खेलते-खेलते वह गांव के पास नदी पर बने चेकडैम तक पहुंच गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ खेल रहे बच्चों ने उसे पानी में डूबते देखा, तो तुरंत दौड़कर उसके परिजनों को इसकी सूचना दी।

बच्चे के दादा दिलीप कुमार साव ने बताया कि आनंद शाम को दोस्तों के साथ खेलने गया था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण चेकडैम के पास पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आनंद को पानी से बाहर निकाला गया। उस समय वह अचेत अवस्था में था।
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन आनन-फानन में बच्चे को सदर अस्पताल चतरा लेकर पहुंचे। हालांकि, जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे तपसा गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलने पर सिमरिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद आनंद के स्कूल में भी मातम पसरा हुआ है।


