पलामू: सतबरवा फायरिंग कांड में राहुल दुबे गैंग का सदस्य छोटू मिश्रा गिरफ्तार, हथियार सप्लाई नेटवर्क का मिला सुराग

पलामू पुलिस को बड़ी कामयाबी, सतबरवा NH निर्माण स्थल पर फायरिंग मामले में राहुल दुबे गिरोह का सदस्य छोटू मिश्रा गिरफ्तार, हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu: पलामू  जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के सदस्य छोटू मिश्रा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी विश्रामपुर थाना क्षेत्र के अमवा गांव का रहने वाला है। उस पर सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में NH निर्माण स्थल पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल होने का आरोप है।

बता दें कि बीते 20 अगस्त को रजडेरवा में NH निर्माण कार्य के दौरान राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों ने फायरिंग की थी। इस घटना में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी दो मजदूर गोली लगने से घायल हो गए थे। वारदात के बाद से ही पुलिस गिरोह के सदस्यों की तलाश में जुटी थी।

हजारीबाग मुठभेड़ से मिला अहम सुराग

पुलिस को इस मामले में नवंबर के पहले सप्ताह में हजारीबाग में हुई मुठभेड़ के बाद अहम जानकारी मिली। इस मुठभेड़ में राहुल दुबे गिरोह का सदस्य अंशु दुबे घायल हुआ था। वह गढ़वा जिले का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, अंशु दुबे से पूछताछ के दौरान सतबरवा फायरिंग कांड से जुड़े कई अहम सुराग मिले। इसी जानकारी के आधार पर छापेमारी कर छोटू मिश्रा को गिरफ्तार किया गया।

पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं गिरोह के चार सदस्य

इससे पहले 17 नवंबर को पलामू पुलिस ने चैनपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पुलिस का कहना है कि ये सभी सतबरवा इलाके में रंगदारी के लिए फायरिंग करने की तैयारी में थे।

छोटू मिश्रा से पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह की गतिविधियों, हथियारों की उपलब्धता और सप्लाई करने वाले नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।

हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, गिरोह के शूटरों को वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार उपलब्ध कराए जाते थे। घटना के बाद हथियार वापस ले लिए जाते थे, ताकि उन्हीं हथियारों का इस्तेमाल गिरोह के दूसरे सदस्य भी कर सकें।

फिलहाल पुलिस हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। जिले के अलग-अलग इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को राहुल दुबे गिरोह और उसके हथियारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इन जानकारियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।