चांडिल : नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपुंगडीह में गुरुवार को संविधान दिवस सम्मान और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडेय सहित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया तथा संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडेय ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता, सम्मान और न्याय प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि संविधान ने विविधताओं से भरे भारत को एकता के सूत्र में बांधने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।

उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के प्रति जागरूक रहने तथा अपने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, सद्भावना, समानता और सामाजिक समरसता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
इस दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी संविधान के महत्व पर अपने विचार रखे। सभी ने लोकतांत्रिक परंपराओं, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्राचार्य जयदीप पांडेय, प्रकाश महतो, भगत लाल तेली, शशि प्रकाश महतो, देवाशीष मंडल, पवन महतो, निकिता गोराई, लक्ष्मी महतो एवं निमाई मंडल सहित संस्थान के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। अंत में संविधान निर्माताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
Also read:अभिषेक भारती की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर सीधा हमला : बाबूलाल मरांडी


