रांची: झारखंड के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए साल 2027 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। राज्य सरकार ने अगले साल कुल 41 सरकारी छुट्टियों की घोषणा की है। इनमें 18 छुट्टियां कार्यपालक आदेश के तहत, जबकि 23 अवकाश एनआई एक्ट, 1881 के तहत राजपत्रित छुट्टियों के रूप में शामिल हैं। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने बुधवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के आदेश से जारी अधिसूचना के मुताबिक, कार्यपालक आदेश के तहत घोषित छुट्टियों के दौरान राज्य सरकार के सभी कार्यालय और राजस्व कार्यालय बंद रहेंगे।

कार्यपालक आदेश के तहत 18 छुट्टियां घोषित
राज्य सरकार ने कार्यपालक आदेश के तहत जिन 18 छुट्टियों की घोषणा की है, उनमें झारखंड के प्रमुख पर्व-त्योहारों के साथ महापुरुषों की जयंती भी शामिल है। कैलेंडर के अनुसार, सोहराय के लिए 12 और 13 जनवरी, मकर संक्रांति पर 14 जनवरी, सुभाष चंद्र बोस जयंती पर 23 जनवरी, बसंत पंचमी पर 11 फरवरी और संत रविदास जयंती के अवसर पर 20 फरवरी को छुट्टी रहेगी। इसके अलावा सरहुल/फुलखोंसी पर 10 अप्रैल, मजदूर दिवस पर 1 मई, हूल दिवस पर 30 जून, रथ यात्रा पर 5 जुलाई, विश्व आदिवासी दिवस पर 9 अगस्त और रक्षाबंधन पर 17 अगस्त को अवकाश घोषित किया गया है।

वहीं, गणेश चतुर्थी पर 4 सितंबर, विश्वकर्मा पूजा पर 17 सितंबर, शारदीय नवरात्र/कलश स्थापना पर 1 अक्टूबर, दशहरा/महासप्तमी पर 6 अक्टूबर और गोवर्धन पूजा पर 30 अक्टूबर को सरकारी छुट्टी रहेगी। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर 15 नवंबर को भी सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।
एनआई एक्ट के तहत 23 राजपत्रित अवकाश
एनआई एक्ट, 1881 के तहत सरकार ने वर्ष 2027 के लिए 23 राजपत्रित छुट्टियां घोषित की हैं। जनवरी से मार्च के बीच गणतंत्र दिवस (26 जनवरी), महाशिवरात्रि (6 मार्च), ईद-उल-फितर (10 मार्च), होलिका दहन (22 मार्च), होली (23 मार्च) और गुड फ्राइडे (26 मार्च) पर सरकारी अवकाश रहेगा। अप्रैल में सरहुल (9 अप्रैल), आंबेडकर जयंती (14 अप्रैल), रामनवमी (15 अप्रैल) और महावीर जयंती (19 अप्रैल) के अवसर पर छुट्टी मिलेगी। इसके बाद ईद-उल-जुहा/बकरीद (17 मई), बुद्ध पूर्णिमा एवं पंडित रघुनाथ मुर्मू जयंती (20 मई), मुहर्रम (16 जून), जन्माष्टमी (25 अगस्त) और करमा पूजा (11 सितंबर) पर अवकाश रहेगा। अक्टूबर में गांधी जयंती (2 अक्टूबर), महाअष्टमी (7 अक्टूबर), महानवमी (8 अक्टूबर), विजयादशमी (9 अक्टूबर) और दीपावली (29 अक्टूबर) को राजपत्रित छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, सूर्य षष्ठी के सायंकालीन अर्घ्य (4 नवंबर), प्रातःकालीन अर्घ्य (5 नवंबर) और क्रिसमस (25 दिसंबर) पर भी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।
रविवार को पड़ने वाले त्योहारों पर अलग अवकाश नहीं
सरकार ने बैंकों की वार्षिक लेखा बंदी के लिए 1 अप्रैल (गुरुवार) को भी छुट्टी घोषित की है। हालांकि, यह अवकाश सरकारी प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर लागू नहीं होगा। अधिसूचना के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस और ईद-ए-मिलाद (15 अगस्त), गुरुनानक जयंती (14 नवंबर), करमा पूजा/फुलखोंसी (12 सितंबर) और भैया दूज/चित्रगुप्त पूजा (31 अक्टूबर) रविवार को पड़ रहे हैं। ऐसे में इन त्योहारों के लिए अलग से छुट्टी घोषित नहीं की गई है। हालांकि, जिन प्रतिष्ठानों में रविवार को सामान्य कार्यदिवस होता है, वहां इन तारीखों पर अवकाश रहेगा। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मुस्लिम त्योहारों की छुट्टियों की तारीख चांद दिखने के आधार पर बदल सकती है। वहीं, सचिवालय और उससे जुड़े कार्यालयों में पहले की तरह पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू रहेगा। दूसरी ओर, क्षेत्रीय कार्यालयों में छह दिवसीय कार्य सप्ताह की व्यवस्था जारी रहेगी। इस तरह झारखंड सरकार ने साल 2027 के लिए कुल 41 सरकारी छुट्टियों का ऐलान किया है।


