जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने गुरुवार को अपने आवास में मां दिवंगत शायरा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की और भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि हर सुबह की शुरुआत आपसे होती थी, आपसे बातें करके होती थी। आज आप हम सभी के बीच नहीं हैं, लेकिन आपकी स्मृतियां सदैव मेरे हृदय में एक अमूल्य धरोहर के रूप में जीवित रहेगी।आपके जाने से जीवन में जो रिक्तता आई है, उसे कभी भरा नहीं जा सकता। आपकी स्नेहभरी बातें, आपका वात्सल्य, आपकी चिंता और आपका आशीर्वाद जीवन के प्रत्येक क्षण में याद आएगा। कभी सोचा नहीं था कि एक सुबह ऐसी भी होगी, जब आपसे बात करने की इच्छा तो होगी, लेकिन आपकी आवाज़ सुनाई नहीं देगी। आपका भौतिक सान्निध्य भले ही अब न हो, लेकिन आपकी अनुभूति जीवन की अंतिम सांस तक मेरे साथ रहेगी।



