रांची: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र का दूसरा दिन गुरुवार, 26 नवंबर को भी काफी अहम रहने वाला है। बुधवार को सदन में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर बहस हुई। चर्चा के बाद विधानसभा ने मौजूदा SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने, संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत नए सिरे से पुनरीक्षण कराने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग वाला प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित कर दिया। अब गुरुवार को सदन में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 (MMDR) पर चर्चा होगी। इस दौरान झारखंड के खनिज संसाधनों, राज्य के राजस्व और खनिजयुक्त भूमि पर उपकर (सेस) लगाने के अधिकार का मुद्दा प्रमुखता से उठ सकता है।

मनोज पांडेय और के राजू ने MMDR कानून पर जताई चिंता
सत्ता पक्ष की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता मनोज पांडेय ने MMDR संशोधन कानून को झारखंड और आदिवासी हितों के खिलाफ बताया। उनका कहना है कि इस कानून से राज्य के खजाने पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है और इसका प्रभाव कई कल्याणकारी योजनाओं पर भी पड़ सकता है। वहीं, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी के राजू ने भी संशोधन कानून को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि विधेयक पर्याप्त विचार-विमर्श के बिना लाया गया है। इससे खनिज उत्पादक राज्यों के अधिकारों और राजस्व पर असर पड़ सकता है। सत्ता पक्ष का मानना है कि खनिज संपदा पर राज्यों के अधिकारों की रक्षा के लिए विधानसभा में मजबूती से आवाज उठानी जरूरी है।

भाजपा ने MMDR कानून के विरोध को बताया राजनीतिक मुद्दा
दूसरी ओर, भाजपा ने MMDR संशोधन कानून के विरोध को राजनीतिक मुद्दा करार दिया है। भाजपा प्रवक्ता प्रातुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विशेष सत्र के जरिए अवैध कोयला कारोबार और बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने की कोशिश कर रही है। भाजपा का तर्क है कि संशोधित MMDR कानून अवैध कोयला खनन और कारोबार पर रोक लगाने में मददगार साबित होगा। पार्टी का आरोप है कि राज्य सरकार राजनीतिक कारणों से इस कानून का विरोध कर रही है। ऐसे में इस मुद्दे पर भी सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव देखने को मिल सकता है।
आज MMDR कानून पर रहेगी नजर
विशेष सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 पर चर्चा होगी। इस दौरान राज्य सरकार खनिजयुक्त भूमि पर सेस लगाने के अधिकार, खनिज राजस्व और झारखंड के वित्तीय हितों पर कानून के संभावित असर को सदन के सामने रखेगी। अब गुरुवार की सदन की कार्यवाही पर सबकी नजर रहेगी। देखना होगा कि MMDR संशोधन कानून पर सत्ता पक्ष और विपक्ष क्या तर्क रखते हैं और क्या सरकार इस मुद्दे पर भी प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजती है।


