रांची: रिम्स जमीन घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच का दायरा अब और बढ़ने जा रहा है। जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और सरकारी दस्तावेजों में कथित हेरफेर के मामले में गिरफ्तार सात अधिकारियों के खिलाफ अब आय से अधिक संपत्ति का अलग मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। जांच एजेंसी को छापेमारी के दौरान अधिकारियों की संपत्ति और करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े कई अहम दस्तावेज मिले हैं।
फिलहाल एसीबी की टीम गिरफ्तार सातों अधिकारियों से पांच दिनों की रिमांड पर पूछताछ कर रही है। इस दौरान जमीन की खरीद-बिक्री, रजिस्ट्री, एलआरडीसी के आदेश और संपत्ति के स्रोत को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गई हैं।
इन सात अधिकारियों पर शिकंजा कसने की तैयारी
रिम्स जमीन घोटाले में गिरफ्तार अधिकारियों में मनोज कुमार रंजन, अविनाश कुमार, वैभव मणि त्रिपाठी, राहुल कुमार चौबे, शैलेश कुमार, राजेश कुमार और मनोज कुमार शामिल हैं।
इनमें मनोज कुमार रंजन तत्कालीन भूमि सुधार उप समाहर्ता (एलआरडीसी) रह चुके हैं और वर्तमान में शिक्षा विभाग के निदेशक हैं। अविनाश कुमार, राहुल कुमार चौबे और वैभव मणि त्रिपाठी तत्कालीन जिला अवर निबंधक, रांची थे।
वहीं, शैलेश कुमार तत्कालीन अंचल अधिकारी, बड़गाईं अंचल, राजेश कुमार तत्कालीन अंचल अधिकारी, शहर अंचल और मनोज कुमार तत्कालीन अंचल अधिकारी, बड़गाईं अंचल रह चुके हैं। मनोज कुमार फिलहाल बेरमो के एसडीओ हैं।
छापेमारी में मिले जमीन के डीड और करोड़ों के लेनदेन के दस्तावेज
एसीबी ने आरोपियों के घरों और फ्लैटों पर छापेमारी के दौरान जमीन से संबंधित कई डीड और संपत्ति के दस्तावेज बरामद किए हैं। इनमें करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े साक्ष्य भी मिलने की बात सामने आई है।
जांच एजेंसी अब इन दस्तावेजों के आधार पर अधिकारियों की ज्ञात आय और उनके नाम पर मौजूद संपत्तियों का मिलान कर रही है।
रिमांड पर पूछताछ के दौरान अधिकारियों से रिम्स की अधिग्रहित जमीन की खरीद-बिक्री, उसके हस्तांतरण और एलआरडीसी के आदेशों की भूमिका को लेकर सवाल किए गए। साथ ही कथित करोड़ों की डील और संपत्ति अर्जित करने के स्रोत के बारे में भी जानकारी मांगी गई।
रजिस्ट्री कार्यालयों से जुटाई जाएगी संपत्ति की जानकारी
आय से अधिक संपत्ति के मामले की जांच के लिए एसीबी संबंधित जिलों के रजिस्ट्री कार्यालयों से भी रिकॉर्ड जुटाएगी। अधिकारियों के नाम पर खरीदी गई जमीन, फ्लैट, मकान और अन्य अचल संपत्तियों का ब्योरा खंगाला जाएगा।
इसके बाद अधिकारियों की वैध आय और उनकी कुल संपत्ति का तुलनात्मक आकलन किया जाएगा। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर सातों अधिकारियों के खिलाफ अलग प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी है।
हाईकोर्ट के आदेश पर शुरू हुई थी जांच
गौरतलब है कि झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर एसीबी रिम्स की अधिग्रहित जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और अतिक्रमण के मामले की जांच कर रही है।
जांच के दौरान सामने आया था कि कथित तौर पर जाली दस्तावेजों के आधार पर रिम्स की जमीन की खरीद-बिक्री की गई और उस पर अपार्टमेंट का निर्माण कराया गया।
इस मामले में जून 2026 में बिल्डर शुभम साबू को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, अप्रैल 2026 में राजकिशोर बड़ाईक, कार्तिक बड़ाईक, राजेश कुमार झा और चेतन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
14 करोड़ के निवेश से बना था 20 फ्लैट का अपार्टमेंट
एसीबी की जांच के अनुसार, रिम्स की जमीन पर कथित अवैध कब्जा कर करीब 14 करोड़ रुपये का निवेश किया गया था। इस जमीन पर 20 फ्लैट का अपार्टमेंट भी बनाया गया था। इसके लिए जमीन का म्यूटेशन कराने के साथ भवन निर्माण का नक्शा भी पास करा लिया गया था।
बाद में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान इस अपार्टमेंट को ध्वस्त कर दिया गया।
हाईकोर्ट ने जमीन की अवैध खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के साथ-साथ अधिकारियों की कथित मिलीभगत की भी जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।
अब एसीबी की जांच में सात अधिकारियों की भूमिका के साथ उनकी व्यक्तिगत संपत्ति भी जांच के दायरे में आ गई है। यदि जांच में आय से अधिक संपत्ति के पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं, तो सभी के खिलाफ अलग-अलग कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।


