Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड स्थित ज्वालकाटा झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय से अजब-गजब मामला सामने आया है। बताया जा रहा है, छात्रावास से मंगलवार को तीन छात्राएं फरार है। तीनों छात्राएं चहारदीवारी फांदकर भाग निकली है। घटना के बाद विद्यालय में हड़कंप मच गया। जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।

छठी और सातवीं कक्षा की छात्राएं फरार
फरार छात्राओं में छठी और सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली ज्वालकाटा सबर बस्ती की दो सगी बहनें शामिल हैं। वहीं, छठी कक्षा की एक अन्य छात्रा भी इनके साथ फरार है। छात्रावास में उनके गायब होने की जानकारी मिलने के बाद खोजबीन शुरू की गई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। इस मामले को लेकर गुड़ाबांदा के बीडीओ डांगुर कोड़ाह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, वार्डेन की ओर से उनको छात्राओं के फरार होने की सूचना दी गई।

छात्रावास के सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जानकारी के मुताबिक, छात्राओं के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। पहले भी छात्राएं चहारदीवारी फांदकर बाहर भाग चुकीं हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दीवार की ऊंचाई कम होने से छात्राओं को बाहर निकलने में आसानी होती है। इससे पूर्व सुरक्षा बढ़ाने के लिए विधायक सोमेश चंद्र सोरेन से दीवार पर कंटीले तारों की फेंसिंग लगाने की मांग भी की गई थी। हालांकि, अब तक ठोस पहल नहीं हुई है।


