Jharkhand High court : झारखंड हाईकोर्ट ने एक ही दिन में दो अहम मामलों में बड़ा रुख अपनाया है। एक तरफ पुनर्वास में देरी करने वाले अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है, तो दूसरी तरफ वर्षों से काम कर रहे संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है।
पहला मामला कुजरूम गांव और पोलपोल कला पीएफ गांव के विस्थापितों के पुनर्वास से जुड़ा है। कुजरूम के 40 प्रतिशत ग्रामीणों का अब तक पुनर्वास नहीं हुआ है। वहीं, पोलपोल कला के विस्थापितों को जमीन के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज भी नहीं मिले हैं।
इस पर मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि समस्या अधिकारियों की क्षमता में नहीं, बल्कि आदेशों का पालन करने की इच्छाशक्ति में कमी की है।
सरकार की ओर से महाधिवक्ता ने तीन सप्ताह के भीतर पुनर्वास प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिया है। कोर्ट ने 15 जनवरी 2027 तक अनुपालन रिपोर्ट मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी को होगी।
वहीं, दूसरे मामले में हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग के 51 मल्टी-पर्पज वर्कर्स यानी MPW कर्मचारियों के नियमितीकरण का निर्देश दिया है।
इन कर्मचारियों की नियुक्ति साल 2008 में हुई थी, लेकिन बाद में अलग-अलग अवधि में उन्हें काम से बाहर रहना पड़ा। इसके बाद दोबारा नियुक्ति दी गई थी। सरकार की दलीलों के बावजूद अदालत ने इसे प्रशासनिक देरी से पैदा हुआ कृत्रिम ब्रेक माना और प्रारंभिक नियुक्ति से मिलने वाले परिणामी और सेवानिवृत्ति लाभ देने का आदेश दिया।
इतना ही नहीं, करीब 25 साल से चास प्रखंड में दैनिक वेतन पर काम कर रहे चालक बेला पद बाउरी को भी हाईकोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने उनके नियमितीकरण का दावा खारिज करने वाले आदेश को रद्द करते हुए 12 सप्ताह के भीतर नियमित करने का निर्देश दिया है।


