
Hazaribagh news: हजारीबाग में अवैध कोयले के कारोबार पर CISF ने बड़ी कार्रवाई की है। दो गांवों में कथित अवैध कोयला डिपो का खुलासा करते हुए जवानों ने भारी मात्रा में कोयला जब्त किया है। वहीं, तीसरे स्थान पर भी छापेमारी अभियान चलाया गया।
दरअसल, पूरा मामला हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र का है। CISF की NTPC-CMP इकाई को सूचना मिली थी कि बासाडीह और इंद्रा गांव में अवैध रूप से कोयले का भंडारण किया जा रहा है।
इस सूचना के आधार पर गुरुवार देर शाम उप कमांडेंट सुरेश के निर्देशन में CISF की टीम ने दोनों गांवों में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की।
इस दौरान वहां अवैध रूप से भंडारित कोयले को जब्त कर लिया गया। फिलहाल जब्त कोयले को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया की जा रही है।
इतना ही नहीं, CISF की टीम ने चरही थाना क्षेत्र के रंगुबेड़ा में भी छापेमारी अभियान चलाया। खबर लिखे जाने तक वहां कार्रवाई जारी थी।
CISF की NTPC-CMP इकाई की ओर से इलाके में अवैध कोयला खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
हालांकि, इस कार्रवाई के बाद अब इलाके में अवैध कोयले के कारोबार पर निगरानी और संबंधित विभागों की जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।


