जमशेदपुर : टाटा स्टील की लीज अवधि 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुकी है, जबकि एक जनवरी 2027 से लीज नवीकरण की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इस बीच शहर की 86 बस्तियों की जमीन का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इन बस्तियों में हजारों परिवार रहते हैं, लेकिन जमीन के स्वामित्व, वर्तमान उपयोग और रिकॉर्ड की अद्यतन स्थिति को लेकर कई सवाल अब भी बने हुए हैं।

वर्ष 2005 के लीज नवीकरण समझौते के तहत 86 बस्तियों को टाटा लीज क्षेत्र से बाहर कर दिया गया था। इसके लिए अलग से शेड्यूल ई-1 तैयार किया गया था और कुल 449.63 हेक्टेयर जमीन सरकारी खाते में दर्ज की गई थी। वर्ष 2009 में इन बस्तियों का सर्वे कराया गया था, जिसमें कुल 17,986 मकानों को चिह्नित किया गया था। हालांकि, लगभग 17 साल बीतने के बाद भी इन इलाकों की जमीन और आबादी की अद्यतन स्थिति सामने नहीं आ सकी है। इस दौरान बस्तियों का विस्तार हुआ और बड़ी संख्या में नए निर्माण भी हुए। ऐसे में पुराने सर्वे के आधार पर वर्तमान आबादी, जमीन की स्थिति और स्वामित्व का आकलन करना चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।
सिर्फ टाटा लीज क्षेत्र का हुआ सत्यापन
लीज अवधि समाप्त होने के बाद जमीन के सत्यापन के लिए प्रशासन की ओर से टीम गठित की गई थी। इसमें जमशेदपुर, पोटका और डुमरिया अंचल के राजस्व उपनिरीक्षक तथा अमीन शामिल थे। टीम ने टाटा लीज क्षेत्र का सत्यापन किया, लेकिन प्रत्येक भूखंड के वास्तविक स्वामित्व और वर्तमान उपयोग का विस्तृत ब्यौरा तैयार नहीं किया गया।
86 बस्तियों का दोबारा सर्वे जरूरी
लीज नवीकरण की प्रक्रिया के दौरान 2005 में शेड्यूल से बाहर की गई 86 बस्तियों के सभी प्लॉट का दोबारा सर्वे होना जरूरी माना जा रहा है। इससे जमीन के वास्तविक स्वामित्व, वर्तमान उपयोग, सरकारी जमीन की स्थिति और हजारों परिवारों के आवास से जुड़े सवालों का समाधान हो सकता है।
86 बस्तियों में शामिल प्रमुख इलाके
बिरसानगर: जोन नंबर एक से 10 तक। बारीडीह और आसपास: बारीडीह बस्ती, भोजपुर कॉलोनी, मिथिला कॉलोनी, बागुननगर और बागुनहातु। भुइयांडीह क्षेत्र: कानू भट्टा, लाल भट्टा, नागाडुंगरी, भुइयांडीह, निर्मलनगर, इंदिरा कॉलोनी, छायानगर, चंडीनगर, रघुवर नगर और भक्तिनगर।
टेल्को, मनीफीट व अन्य इलाके: जोको महानंद बस्ती, लाल बाबा फाउंड्री, मछुआ टोला, प्रेमनगर, लक्ष्मीनगर, झागरबगान, काशीडीह, बाबूडीह, कैलाशनगर, ईस्ट प्लांट बस्ती, शांतिनगर, कल्याणनगर, मोहरदा, कंचननगर, मनीफीट बस्ती, ग्वाला बस्ती, विद्यापतिनगर, देवनगर, अर्जुन कॉलोनी और कुष्ठ आश्रम सहित अन्य बस्तियां। इन बस्तियों की जमीन का अद्यतन सर्वे और रिकॉर्ड सत्यापन आने वाले समय में लीज नवीकरण प्रक्रिया के दौरान एक अहम मुद्दा बन सकता है।


