रांची : लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का 26वां स्थापना दिवस सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी के संस्थापक पद्म भूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान जी के विचारों एवं आदर्शों को नमन करते हुए उनके सामाजिक न्याय और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी की उपलब्धियों और संगठनात्मक यात्रा पर चर्चा की तथा उनके हाथों को और मजबूत करने का संकल्प लिया। बैठक में झारखंड में संगठन को बूथ, पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर तक सशक्त बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर वीरेंद्र प्रधान ने कहा कि मेरा सदैव प्रयास रहा है कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर पार्टी को नई मजबूती प्रदान करूं। आप सभी के सहयोग, समर्पण और विश्वास से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।



