Dhanbad News: झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर धनबाद पुलिस के लिए गौरव का क्षण रहा। धनबाद के पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय को उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए वीरता पदक से सम्मानित किया गया। रांची में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें पदक प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रकाश सोय वर्ष 2012 बैच के पुलिस अधिकारी हैं। पुलिस सेवा के दौरान अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया है।
वर्ष 2024 में रांची में पदस्थापन के दौरान प्रकाश सोय ने अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी और सख्त कार्रवाई करते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उन्होंने अदम्य साहस, सूझबूझ और कर्तव्यपरायणता का परिचय देते हुए पुलिस की जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए उनके प्रयासों की पुलिस विभाग ने सराहना की।
इस सम्मान पर आदिवासी हो समाज महासभा के जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार सोय ने प्रकाश सोय को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रकाश सोय को वीरता पदक मिलना पूरे हो समाज के लिए गर्व और गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धि समाज के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।


