भारत में मिले कोरोना के वैरिएंट B1.617.2 को फैलने से रोकने में वैक्सीन भी कम कारगर

Digital News
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लंदन : ब्रिटेन में टीकाकरण कार्यक्रम के लिए सलाह देने वाले एक शीर्ष वैज्ञानिक ने कहा है कि कोरोना से बचाव वाली वैक्सीन वायरस के बी 1.617.2 वैरिएंट के फैलने को रोकने में निश्चित रूप से कम प्रभावी हैं।

इस वैरिएंट की पहचान सबसे पहले भारत में हुई थी।

ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर एंथनी हार्नडेन ने कहा कि इंग्लैंड में लॉकडाउन में ढील देते हुए बेहद सावधानी की जरूरत है क्योंकि यह स्पष्ट नहीं है कि वायरस का वह वैरिएंट कितना संक्रामक है।

हालांकि, हार्नडेन ने कहा कि यह भी नहीं पता कि क्या वायरस का कोई खास स्वरूप टीका से बच सकता है।

हार्नडेन ने कहा, ‘हल्की बीमारी में टीके कम प्रभावी हो सकते हैं लेकिन हमें नहीं लगता है कि गंभीर बीमारी में वे कम प्रभावी होंगे।

कुल मिलाकर हल्की बीमारी की स्थिति में संक्रमण को रोकने में निश्चित तौर पर ये कम प्रभावी हैं। उन्होंने कहा, ‘हमें इसकी जानकारी नहीं है कि अब तक कितना प्रसार हुआ है।

अब तक मिले प्रमाण से पता चलता है कि बीमारी की गंभीरता बढ़ने के कोई संकेत नहीं है, ना ही इसकी पुष्टि हुई है कि टीके से ये बच सकते हैं।

इसलिए हम अब तक मिले प्रमाण के आधार पर सोच-समझकर कदम उठाएंगे।

’ हार्नडेन ने सोमवार से इंग्लैंड में लॉकडाउन में क्रमिक तरीके से ढील दिए जाने का हवाला दिया।

हार्नडेन के बयान के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

जॉनसन ने कहा, ‘हमारा मानना है कि यह स्वरूप पहले के वायरस की तुलना में ज्यादा संक्रामक है।

दूसरे शब्दों में कहा जाए तो यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आसानी से फैलता है। फिलहाल यह नहीं पता कि यह कितना फैल चुका है।

’ जॉनसन ने कहा कि अगर वायरस ज्यादा संक्रामक है तो आगामी दिनों में कठिन विकल्प को चुनना होगा।

उन्होंने 21 जून को सभी तरह के लॉकडाउन खत्म किए जाने की योजना में फेरबदल के संकेत दिए।

Share This Article