झारखंड में अब साफ होगा मौसम, पटरी पर लौट रहा जनजीवन

Digital News
7 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश गुरुवार को थम गई। सुबह में बादल छाये रहे लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। दिन भर धूप खिली रही।

मौसम साफ होते ही तापमान में दो डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। चार दिनों के इंतजार के बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए।

हालांकि, शाम होते झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को मौसम साफ होने की उम्मीद जतायी है।

पटरी पर लौट रहा जनजीवन

सुबह से बारिश रुकने के बाद राजधानी रांची का जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौटता दिखाई दिया।

देवताओं के शिल्पी भगवान विश्वकर्मा को लेकर बाजारों में रौनक देखी गई। अधिकांश दुकानें खुली रहीं।

मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में भी उपस्थिति अच्छी रही।

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में डीप डिप्रेशन कमजोर हो चुका है। यह उत्तरी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ गया है।

इसके कारण शुक्रवार से रांची में आसमान साफ होने और धूप निकलने के आसार हैं। हालांकि, अगले चार दिनों तक कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

कांके डैम के दो फाटकों को खोलना पड़ा

रांची में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफना पर हैं। कांके डैम में जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर हो गया।

इसके कारण इसके दो फाटक खोलने पड़े। सड़कों पर जलभराव हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में पिछले 24 घंटे में 58 एमएम बारिश रिकार्ड की गई।

लोहरदगा में सबसे अधिक बारिश

राज्य में सबसे अधिक लोहरदगा के कुरु में 128.4 एमएम बारिश रिकार्ड की गई, जबकि मांडर, अड़की, लोहरदगा, लातेहार, रामगढ़ में 100 एमएम से अधिक बारिश हुई।

हालांकि, शाम के बाद से ही लोगों को बारिश से थोड़ी राहत मिलनी शुरू हो गयी।

मिट्टी का घर गिरने से महिला की मौत

रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हटिया चाईबासा टोली स्थित लगातार हो रही बारिश से मिट्टी का घर गिरने से उसमें दबकर एक महिला की मौत हो गई।

जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार मृतका की शिनाख्त दसमी बंदेया के रूप में की गई है। बताया गया कि बुधवार रात तेज बारिश से मिट्टी का घर रात में गिर गया।

इसमें घर के अंदर सोई मां-बेटी दब गईं। घर गिरने से पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया।

ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल महिला और उसकी बेटी को लेकर हॉस्पिटल गए। रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।

पानी के तेज बहाव में व्यक्ति लापता

रांची के पंडरा के पंचशील नगर स्थित एक पुलिया के ऊपर से बह रहे पानी के तेज बहाव में बहे अजय प्रसाद (55) का दूसरे दिन गुरुवार को भी सुराग नहीं मिल पाया है।

एनडीआरएफ की टीम पंचशीलनगर के आसपास के नाले में तलाश कर रही है।

टीम कई जगह पर लापता व्यक्ति की तलाश की लेकिन अभी तक उनका पता नहीं लग पाया है।

मौके पर पंडरा थाना प्रभारी पृथ्वी सेन दास सहित कई प्रशासनिक अधिकारी पहुंचकर इस मामले की जांच कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को बारिश पानी के तेज बहाव में सहदेव नगर में किराये पर रहने वाले और मूल रूप से रामगढ़ कैंट के निवासी सब्जी विक्रेता अजय प्रसाद (55) बह गये थे।

उनका साइकिल पुल पर मिला है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि वे साइकिल से गिरे और बह गये।

इसके अलावा रांची के कई गली मोहल्लों में अब भी पानी जमा है और लोगों को काफी समस्याएं हो रही हैं।

बारिश से कांची नदी पर बना सोनाहातू, बुढाडीह-हाराडीह को जोड़ने वाला हाराडीह उच्च स्तरीय पुल पूरी तरह से गिर गया है। तमाड़ प्रखंड से बुंडू और सोनाहातू प्रखंड का संपर्क पूरी तरह से टूट गया है।

तोपचांची झील, मैथन और पंचेत डैम का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे

भारी बारिश के कारण धनबाद जिले के तोपचांची झील, मैथन और पंचेत डैम का जलस्तर गुरुवार को खतरे के निशान से नीचे आ गया है।

बीते बुधवार को इन डैम का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया था लेकिन गुरुवार को माैसम साफ होने के बाद तीनों डैम का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया है।

यही कारण है कि किसी भी डैम का एक भी फाटक खोलने की जरूरत नहीं पड़ी। जमशेदपुर जिले में स्थित खरकई नदी भी सामान्य है।

खतरे के निशान से नीचे बह रही नदी

रामगढ़ जिले में भी बुधवार रात से बारिश नहीं होने की वजह से दामोदर नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे बह रहा है। यही स्थिति भैरवी नदी की भी है।

आम लोगों के लिए खुला मां छिन्नमस्तिका का दरबार

भारी बारिश को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट के बाद भी गुरुवार से खुले झारखंड के एकमात्र सिद्ध पीठ रजरप्पा मां छिन्नमस्तिके के दरबार भक्तों की काफी भीड़ रही।

रजरप्पा मंदिर के आसपास की दुकानों को बारिश के कारण बंद करने का निर्देश दिया गया था, वहां अब सामान्य स्थिति देखी गई।

सुबह चार बजे मंदिर प्रांगण को श्रद्धालुओं के लिए खोला गया। यहां सबसे पहले श्रद्धालु के रूप में गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने पूजा की।

वह सुबह चार बजे ही मंदिर के पुजारियों के साथ वहां पहुंचे और मां छिन्नमस्तिका की आराधना की।

कोयल नदी का जलस्तर सामान्य

लोहरदगा जिले में बारिश रुकने के बाद लोहरदगा-रांची रोड में सिठियो कोयल नदी का जलस्तर सामान्य है।

हालांकि, खेतों में भरे पानी अभी भी हैं। धान की बालियां गिर गई हैं। इससे फसलों के बड़े पैमाने पर नुकसान की उम्मीद जतायी जा रही है।

लगातार हो रही बारिश से खेतों में लगी सब्जियों को भी नुकसान हुआ है। इससे किसान परेशान हैं।

Share This Article