
Jharkhand Paper Leak Case: उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले में जेल में बंद 28 आरोपियों की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। मामले की सुनवाई योगेश कुमार की अदालत में हुई।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस डायरी की मांग की है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 20 अप्रैल को होगी।
जानकारी के अनुसार, इस केस में बीते दिनों पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 164 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
जांच में एक अंतरराज्यीय पेपर लीक और सॉल्वर गिरोह का खुलासा हुआ है। इस गिरोह के मुख्य आरोपियों में अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद के नाम सामने आए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के एजेंट अभ्यर्थियों से करीब 15-15 लाख रुपये लेकर उन्हें परीक्षा के प्रश्न और उत्तर रटवाते थे। इसके लिए अभ्यर्थियों को एक स्थान पर इकट्ठा कर उनके मोबाइल फोन और एडमिट कार्ड अपने कब्जे में ले लिए जाते थे।
इस मामले में झारखंड पुलिस ने तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच तेज कर दी है।
फिलहाल कोर्ट के अगले फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।

