आरोपित इकबाल सिंह ने दिया था भड़काऊ भाषण

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लाल किला हिंसा मामले में पंजाब के होशियारपुर से आरोपित इकबाल सिंह को गिरफ्तार किया है।

आरोपित इकबाल सिंह 26 जनवरी को हिंसा भड़काने के मामले में शामिल था। उसकी गिरफ्तारी पर क्राइम ब्रांच की तरफ से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

उसे आज कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा जहां से उसे क्राइम ब्रांच को सौंपा जाएगा।

स्पेशल सेल के डीसीपी संजीव यादव के अनुसार लाल किला सहित विभिन्न जगहों पर हुई हिंसा को लेकर पुलिस टीम जांच कर रही हैं।

इस मामले में इनामी घोषित हो चुके आरोपितों की तलाश में स्पेशल सेल की टीम लगातार दबिश दे रही है।

स्पेशल सेल की टीम ने पहले एक लाख रुपये के इनामी दीप सिद्धू को गिरफ्तार किया और अब 50 हजार के इनामी इकबाल सिंह को गिरफ्तार किया।

एसीपी जसबीर सिंह की टीम ने मंगलवार रात करीब 11.30 बजे पंजाब के होशियारपुर से उसे गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी क्राइम ब्रांच को दे दी गई है, जो लाल किला पर हुए हिंसा मामले की जांच कर रही है।

डीसीपी संजीव यादव ने बताया कि आरोपित इकबाल सिंह लुधियाना का रहने वाला है। वह कथा वाचक है। नवंबर महीने में प्रदर्शन की शुरुआत में वह सिंघु बॉर्डर पर आया था।

इसके बाद वह कई बार बॉर्डर पर आता-जाता रहा है। इस बार बीते 22 जनवरी को वह सिंघु बॉर्डर पर पहुंचा था।

यहां से 26 जनवरी को वह लोगों के साथ लाल किले पर पहुंचा और यहां लोगों को हिंसा के लिए भड़काऊ भाषण दिया।

सूत्रों की मानें तो उसने बहुत प्रदर्शनकारियों को लाल किले का रास्ता बताया और यहां पहुंचने पर लाहौरी दरवाजे को तोड़ने के लिए उकसाया।

हिंसा भड़काने का वीडियो मौजूद

दिल्ली पुलिस को लाल किले से दो ऐसे वीडियो मिले हैं जिसमें आरोपित इकबाल सिंह वीडियो बनाते हुए लोगों को भड़का रहा है। उन्हें दरवाजे को तोड़ने के लिए उकसा रहा है।

यह वीडियो उसके खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं। उसकी पहचान बीते 28 जनवरी को पुलिस ने कर ली थी। इसके बाद उस पर इनाम घोषित किया गया था। इस पूरे मामले को लेकर स्पेशल सेल की टीम उससे पूछताछ कर रही है।

Share This Article