फिल्म अभिनेत्री कंगना ने हाईकोर्ट में दायर याचिका ली वापस

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने खार स्थित अपने घर में किए गए बदलाव के संदर्भ में हाईकोर्ट में दायर याचिका बुधवार को वापस ले लिया है।

कंगना ने हाईकोर्ट में कहा कि वह मुंबई नगर निगम में इस बदलाव को नियमित करने की मांग करेंगी। जानकारी के अनुसार कंगना रनौत ने खार में तीन फ्लैट को खरीदकर और उनमें बदलाव कर एक फ्लैट बनाया था।

इसी बदलाव की वजह से मुंबई नगर निगम ने कंगना के इस फ्लैट पर कार्रवाई करने के लिए नोटिस जारी किया था।

कंगना ने मुंबई नगर निगम के नोटिस को दिंडोशी सत्र न्यायालय में चुनौती दी थी, लेकिन सत्र न्यायालय ने मुंबई नगर निगम की नोटिस को सही बताया था।

इसके बाद उन्होंने मुंबई नगर निगम के नोटिस व दिंडोशी सत्र न्यायालय के निर्णय के विरुद्ध हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसी मामले की सुनवाई बुधवार हाईकोर्ट में चल रही थी।

कंगना के वकील ने हाईकोर्ट को बताया कि कंगना अपने फ्लैट में किए गए बदलाव को नियमित करने के लिए मुंबई नगर निगम में आवेदन करेंगी।

इसी वजह से वे अपनी याचिका वापस ले रही हैं। सुनवाई के दौरान न्यायाधीश पृथ्वीराज ने मुंबई नगर निगम को कंगना के आवेदन पर एक महीने के अंदर निर्णय लेने के लिए कहा है।

साथ ही इस दौरान मुंबई नगर निगम कंगना के घर पर कार्रवाई नहीं करेगी।

न्यायाधीश ने कहा कि अगर मुंबई नगर निगम कंगना के घर में किए गए बदलाव को नियमित नहीं करती है तो उसे दो सप्ताह का अतिरिक्त समय कंगना को देना होगा।

Share This Article