अहमदाबाद : लंबी दूरी के अनुभवी धावक तीर्थ कुमार पून ने रविवार को यहां अदाणी अहमदाबाद मैराथन (एएएम) में कोर्स रिकॉर्ड के साथ पुरुष वर्ग का खिताब अपने नाम किया जबकि भारती ने महिला वर्ग में बाजी मारी। तीर्थ कुमार ने दो घंटे 21 मिनट 40 सेकेंड का समय लेकर पुरुष वर्ग का खिताब जीता। भारती ने दो घंटे 59 मिनट एक सेकेंड के समय के साथ महिला वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। आयोजकों के अनुसार मैराथन के 10वें सत्र में देशभर से 32,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।

अदाणी स्पोर्ट्सलाइन द्वारा आयोजित इस स्पर्धा में चार श्रेणियां पूर्ण मैराथन, हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और पांच किलोमीटर शामिल थीं। इस आयोजन के जरिये फिटनेस, खेलों में भागीदारी और भारतीय सशस्त्र बलों के योगदान को सम्मानित करने की पहल के एक दशक का जश्न मनाया गया। पुरुषों की हाफ मैराथन में दिनेश ने एक घंटा छह मिनट 32 सेकेंड के समय के साथ खिताब जीता जबकि महिलाओं में प्रीति लांबा ने एक घंटा 19 मिनट 21 सेकेंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया।
दस किलोमीटर दौड़ की पुरुष स्पर्धा में पवन कुमार ने 30 मिनट नौ सेकेंड के समय के साथ खिताब जीता जबकि सोनिका 35 मिनट 30 सेकेंड का समय लेकर महिला वर्ग में शीर्ष पर रहीं। मैराथन को अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) के निदेशक प्रणव अदाणी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन भी मौजूद थीं। मैराथन में सशस्त्र बलों और पुलिस के 6,000 से अधिक जवानों ने हिस्सा लिया।


