पुणे : खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को भारत की पहली ओलंपिक फिल्म को जारी किया, जिसमें खेल जगत की दिग्गज हस्तियां मीराबाई चानू, शीतल देवी और स्मृति मंधाना के साथ-साथ अभिनेता आयुष्मान खुराना भी नजर आए। इस फिल्म को फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के ऐतिहासिक 100वें संस्करण के अवसर पर जारी किया गया।

यह फिल्म ‘इंडियारेडी4ओलंपिक’ थीम के तहत भारत के ओलंपिक अभियान की शुरुआत का प्रतीक है, जो देश के खेल जगत में हुए बदलाव और 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने की उसकी महत्वाकांक्षा से जुड़ा है। मांडविया ने कहा, ‘‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 100वें संस्करण में 50,000 से अधिक साइकिल चालकों ने पुणे की सड़कों पर अपनी साइकिल चलाई। देशभर में 40,000 स्थानों पर इसका आयोजन किया गया था। भारत के युवा फिटनेस को अपना रहे हैं क्योंकि 2047 तक विकसित भारत के लोगों फिट रहना जरूरी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘100वां ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम भारत की 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की बोली को समर्पित है। आज हम सिर्फ साइकिल नहीं चला रहे हैं, हम छत्रपति शिवाजी महाराज की पवित्र भूमि से पूरे देश को फिटनेस का एक सशक्त संदेश भेज रहे हैं। साइकिल के पैडल का हर एक चक्कर हमें विकसित भारत के और करीब ले जाता है।’’ इस कार्यक्रम में 50,000 साइकिल चालकों के साथ-साथ भारतीय ओलंपिक संघ के सीईओ रघुराम अय्यर, ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी, जैस्मीन लैंबोरिया, प्रीति पवार, संदीप कुमार, आशीष कुमार चौधरी और श्राबनी नंदा ने भी भाग लिया।


