
वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फ्रांस यात्रा से वापसी उड़ान उस बोइंग 747-200बी विमान की अंतिम यात्रा थी, जिसने पिछले लगभग 35 वर्षों से अमेरिकी राष्ट्रपतियों को सेवा प्रदान की। व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों ने ‘ज्वॉइंट बेस एंड्रयूज’ पर विमान की तस्वीरें साझा करते हुए इसे “लास्ट राइड” बताया और कहा कि इस अत्यधिक सुरक्षित विमान ने जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश के कार्यकाल से अब तक सभी राष्ट्रपतियों को सेवाएं दी हैं। अमेरिकी चीफ ऑफ प्रोटोकॉल मोनिका क्राउली ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “कल रात एयर फ़ोर्स वन की अंतिम उड़ान में शामिल होना मेरे लिए सम्मान की बात थी।” उन्होंने कहा कि लगभग 40 वर्षों तक इस विमान ने हर राष्ट्रपति को सेवा दी और यह भले ही सबसे आधुनिक न हो, लेकिन बेहद आरामदायक था।

