मैक्सिको सिटी: इटली के किमी एंटोनेली मैक्सिको ग्रां प्री में भले ही तीसरे नंबर पर रहे लेकिन उन्होंने केवल 20 साल की उम्र में फॉर्मूला वन चैंपियनशिप जीतकर नया इतिहास रच दिया। मर्सिडीज़ का यह ड्राइवर मैक्सिको ग्रां प्री के विजेता मैक्स वर्स्टापेन और लुई हैमिल्टन के बाद तीसरे नंबर पर रहा लेकिन चैंपियनशिप अपने नाम पर करने के लिए यह पर्याप्त था। रेस समाप्त करने के बाद वह खुशी से झूम उठे।

एंटोनेली ने कहा, ‘‘अभी जो कुछ हुआ मैं उसको समझने की कोशिश कर रहा हूं। जब आप इतनी कड़ी मेहनत करते हैं और आखिरकार उसे हासिल कर लेते हैं, तो यह वाकई बहुत खास होता है।’’ एंटोनेली से पहले सबसे कम उम्र में चैंपियन बनने का रिकॉर्ड सेबेस्टियन वेटेल के नाम पर था जिन्होंने 2010 में 23 वर्ष की आयु में यह उपलब्धि हासिल की थी। एंटोनेली के साथ उनके माता-पिता और छोटी बहन भी मौजूद थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा है। अपने परिवार के साथ इस पल का साक्षी बनना ऐसा क्षण है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा।’’ चैंपियनशिप तालिका में एंटोनेली के कुल 380 अंक हो गए हैं और इस तरह से उन्होंने चार रेस शेष रहते हुए ही चैंपियनशिप अपने नाम पर कर ली है। तालिका में वर्स्टापेन 261 अंक लेकर दूसरे और हैमिल्टन 259 अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इन दोनों खिलाड़ियों में से कोई एक अगर बाकी चार रेस जीत भी लेता है तो वह एंटोनेली से आगे नहीं निकल पाएगा।


