
नयी दिल्ली : फुकेत से दिल्ली आ रहा एअर इंडिया का एक विमान मंगलवार को हवा में कुछ समय के लिए असंतुलित हो गया, जिससे उसमें सवार 14 लोग घायल हो गए। सूत्रों ने यह जानकारी दी। एअर इंडिया ने बताया कि फुकेत से दिल्ली आ रही उसकी हवाई सेवा ‘एआई2379’ निर्धारित ऊंचाई पर उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए असंतुलित हो गई, जिससे विमान की ऊंचाई में क्षणिक बदलाव आया।
एअर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। विमान ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मामूली रूप से घायल लोगों को एहतियात के तौर पर हवाई अड्डे पर ही स्थित मेडिकल फैसिलिटी (मेदांता) में जांच और उपचार के लिए ले जाया गया।

