नयी दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि असम, मिजोरम और मणिपुर में मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 38 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 1,424 बैंक खातों को ‘फ्रीज’ कर दिया गया।

शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स ’पर एक पोस्ट में ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ की सराहना की। यह अभियान शुक्रवार को भारत, म्यांमा और बांग्लादेश में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह को ध्वस्त करने के लिए चलाया गया था।


