रांची: तमिलनाडु के वेल्लोर में झारखंड भवन बनाने का रास्ता साफ हो गया है. झारखंड सरकार को वहां 1.25 एकड़ जमीन मिल गयी है. अब वहां अन्य क्लीयरेंस लेकर भवन का निर्माण शुरू कर दिया जायेगा. यह योजना राज्य के उन मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहत लेकर आ सकती है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए वहां जाना पड़ता है.

वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी) देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शामिल है. झारखंड से भी बड़ी संख्या में मरीज गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए वहां पहुंचते हैं. ऐसे में झारखंड भवन बनने से मरीजों और उनके परिजनों को ठहरने की सुविधा मिल सकेगी.
फिलहाल वेल्लोर में इलाज कराने जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को रहने के लिए निजी होटल, लॉज या अन्य आवासीय विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ता है. लंबे समय तक इलाज चलने की स्थिति में आवास पर होने वाला खर्च परिवारों के लिए आर्थिक बोझ बन जाता है. खासकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों को इलाज के साथ रहने और खाने पीने की व्यवस्था करने में काफी परेशानी होती है.


