नयी दिल्ली: दिल्ली में शनिवार रात बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने के बाद रविवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

दिल्ली में शनिवार रात साढ़े आठ बजे से रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 4.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। एक दिन पहले शहर का न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस था।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत तापमान से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
मौसम विभाग ने रविवार को भी गरज के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 94 प्रतिशत दर्ज की गई।
‘समीर’ ऐप के अनुसार, रविवार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 167 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
वायु गुणवत्ता की निगरानी करने वाले 54 केंद्रों में से 11 पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। इनमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली में सबसे अधिक एक्यूआई 245 दर्ज किया गया, जबकि अलीपुर में यह 233 रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।


