झारखंड में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर से राज्य में मौसम बदलना शुरू हो सकता है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को कुछ इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी तंत्र मजबूत होने की संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 25 अक्टूबर तक इसके गहरे अवदाब में बदलने और 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका जताई गई है।


