

अमरावती: आंध्र प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी कांति राणा टाटा और विशाल गुन्नी का निलंबन करीब दो साल बाद रद्द कर दिया। मुंबई की एक अभिनेत्री-सह-मॉडल कादंबरी नरेंद्र कुमार जेठवानी को कथित तौर पर ‘‘परेशान’’ करने के मामले में दोनों अधिकारियों को पहली बार 15 सितंबर 2024 को निलंबित किया गया था। इसके बाद उनके निलंबन की अवधि कई बार बढ़ाई गई। मुख्य सचिव जी साई प्रसाद ने एक सरकारी आदेश में कहा, ‘‘सरकार 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी कांति राणा टाटा का निलंबन रद्द करती है और उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा में बहाल करती है।’’





मुख्य सचिव ने 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी विशाल गुन्नी के संबंध में भी इसी तरह का आदेश जारी किया है।
हालांकि दोनों अधिकारियों के निलंबन की अवधि को चार सितंबर तक बढ़ाया गया था लेकिन प्रसाद ने बृहस्पतिवार को आदेश जारी कर उनका निलंबन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया।
आदेश के अनुसार, टाटा और गुन्नी ने 24 अगस्त को सरकार को एक प्रतिवेदन सौंपा था। उसी दिन पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने भी सरकार को पत्र भेजा था, जिसके बाद बृहस्पतिवार को उनका निलंबन रद्द कर दिया गया।
हालांकि, मुख्य सचिव ने बताया कि निलंबन रद्द करने का असर दोनों के खिलाफ जारी “अनुशासनात्मक और आपराधिक कार्यवाही” पर नहीं पड़ेगा।
