रांची : राजधानी रांची के सैनिक मार्केट में झारखंड के पहले अत्याधुनिक प्रीमियम फिटनेस सेंटर एनीटाइम फिटनेस का भव्य उद्घाटन किया गया। इस सेंटर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के प्रीमियम फिटनेस उपकरण स्थापित किए गए हैं। इन उपकरणों को सदस्यों की सुरक्षा, बेहतर प्रदर्शन और उच्च गुणवत्ता वाली फिटनेस ट्रेनिंग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इससे रांची के फिटनेस प्रेमियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।

उद्घाटन समारोह में पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पूर्व भारतीय फुटबॉल कप्तान बाइचुंग भूटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने झारखंड में एनीटाइम फिटनेस जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड की शुरुआत को युवाओं के लिए सकारात्मक कदम बताया। साथ ही फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर जोर दिया।
सैनिक मार्केट स्थित यह सेंटर 24×7 सुविधा के साथ कार्डियो, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, फंक्शनल ट्रेनिंग, व्यक्तिगत कोचिंग, समूह प्रशिक्षण और समग्र वेलनेस पर विशेष ध्यान देगा। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों और आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह केंद्र रांची में फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।


