
रांची : पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। शिक्षित, संस्कारित और जागरूक युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला रखते हैं। वे गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से बिरसा कॉलेज, खूंटी के सभागार में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह सह शिक्षा मेले में बोल रहे थे। इस अवसर पर श्री मुंडा ने 2026 में 10वीं एवं 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

