रांची: एस्कॉट इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक स्वर्गीय ललित नवी हेंब्रम की प्रथम पुण्यतिथि पर विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और कर्मचारियों ने एकत्र होकर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। स्वर्गीय हेंब्रम के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर उनकी स्मृति को नमन किया। सभा के दौरान वक्ताओं ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान, दूरदर्शी सोच और समाज के प्रति उनके समर्पण को याद किया।

प्राचार्य शादान आलम ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय ललित नवी हेंब्रम का जीवन शिक्षा और संस्कारों की एक ऐसी मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संस्थापक ने जिन ऊंचे आदर्शों और उद्देश्यों के साथ इस संस्थान की नींव रखी थी, उसे निरंतर नई ऊंचाइयों पर ले जाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस श्रद्धांजलि सभा में स्कूल के सेक्रेटरी अनुज हेंब्रम, डायरेक्टर कुणाल कश्यप, उपप्राचार्य विकास भार्गव और सुलोचना हेंब्रम सहित तमाम शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षकेतर कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय हेंब्रम के बताए मार्ग पर चलने और संस्थान की गरिमा को बनाए रखने का संकल्प लिया। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।


