नयी दिल्ली: एशियन पेंट्स लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 7.5 प्रतिशत बढ़कर 1,067.6 करोड़ रुपये रहा।

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बिक्री में हुई वृद्धि से कंपनी का लाभ बढ़ा है। हालांकि, कच्चे माल की बढ़ती लागत ने परिचालन मार्जिन पर दबाव डाला।
देश की प्रमुख पेंट विनिर्माता कंपनी ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में उसकी एकीकृत शुद्ध बिक्री 16.9 प्रतिशत बढ़कर 9,953.9 करोड़ रुपये हो गई।
कंपनी के निदेशक मंडल ने 5.75 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम लाभांश की घोषणा भी की है। यह शेयर के अंकित मूल्य का 575 प्रतिशत है।
एशियन पेंट्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमित सिंगल ने कहा कि चालू वर्ष में कच्चे माल की कीमतों में तेज वृद्धि और भू-राजनीतिक व्यवधानों से सामग्री की उपलब्धता पर दबाव रहा, जिसका पूरा प्रभाव दूसरी तिमाही में देखने को मिला।
कंपनी का एकल आधार पर शुद्ध लाभ 14.6 प्रतिशत बढ़कर 1,095.6 करोड़ रुपये रहा, जबकि एकल आधार पर आय 14.8 प्रतिशत बढ़कर 8,423.6 करोड़ रुपये हो गई।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी की एकीकृत शुद्ध बिक्री 17.4 प्रतिशत बढ़कर 20,475.3 करोड़ रुपये रही।


