असम को देश में हेल्थ हब के रूप में विकसित किया जाएगाः अमित शाह

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुवाहाटी: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में मंगलवार को गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित पशु चिकित्सा खेल मैदान में भाजपा गठबंधन की दूसरी सरकार की पहली वर्षगांठ भव्य समारोह में मनाई गई।

इस मौके पर शाह ने असम में परिवर्तन का जिक्र करते हुए कहा कि आंदोलन, हिंसा के स्थान पर शांति के माहौल की शुरुआत हुई है। असम को देश में हेल्थ हब के रूप में विकसित किया जाएगा।

केंद्रीय गृहमंत्री ने सत्र (मठ) की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए मुख्यमंत्री की प्रशंसा की। उन्होंने कहा एक साल में 10,700 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना बड़ी बात है।

असम सरकार धन्यवाद की पात्र

कोरोना प्रबंधन में सफलता के लिए असम सरकार धन्यवाद की पात्र है। कोरोना के दौरान डेढ़ करोड़ लोगों को ढाई साल तक मुफ्त चावल दिया गया।

शाह ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 9,000 से अधिक चरमपंथी मुख्यधारा में लौटे हैं। पिछले छह वर्षों में किसी भी बांग्लादेशी ने घुसपैठ नहीं की है।

असम के हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का काम शुरू हो गया है। असम को देश में एक हेल्थ हब के रूप में परिवर्तित किया जाएगा।

गृहमंत्री ने असम में हुए उपचुनाव के साथ गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) चुनाव में भाजपा के विजय ध्वज को बनाए रखने के लिए लोगों को भी धन्यवाद दिया।

कविताएं पढ़कर संबोधन

मुख्यमंत्री डॉ. सरना ने रूपकोंवर ज्योतिप्रसाद अग्रवाल की कविताएं पढ़कर संबोधन आरंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिखाए गए अच्छे रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के साथ पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि एक लाख नियुक्तियां की जाएंगी।

अरुणोदय योजना, सड़क निर्माण, मेडिकल कालेज निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि वह असम के लोगों के हित के लिए विकास की गंगा को राज्य में प्रवाहित करने में सफल होंगें।

डिजिटल सेवा के जरिए सरकार और जनता के बीच की दूरी को कम करने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शक्तिशाली भारत बनाने के लिए प्रधानमंत्री और गृहमंत्री लगातार काम कर रहे हैं|

हम भी सर्वश्रेष्ठ असम का निर्माण करेंगे। हम सर्वश्रेष्ठ भारत बनाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. सरमा को लेकर कहा कि वे आशावादी हैं।

पूर्वोत्तर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रगति के पथ पर बढ़ रहा है। कानून व्यवस्था में सुधार है। अब शांति है।सोनोवाल ने यह भी उम्मीद जताई कि असम मुख्यमंत्री डॉ. सरमा के नेतृत्व में लंबा रास्ता तय करेगा।

खानापाड़ा मैदान में आयोजित सभा में भारी भीड़ के अलावा भाजपा और गठबंधन सहयोगी दलों के वरिष्ठ नेता, सभी मंत्री, विधायक, सांसदों के साथ-साथ कार्यकर्ता शामिल हुए।

Share This Article