

रांची: JPSC और JSSC-CGL परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर एकतरफा कार्रवाई के आरोप को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मंगलवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रांची सदर अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी के कार्यालय पहुंचे।





बाबूलाल मरांडी ने पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को किसी सरकार की कठपुतली बनने के बजाय कानून और नियम के मुताबिक काम करना चाहिए। उनके मुताबिक, पुतला दहन के दौरान छात्रों पर कार्रवाई की गई, लेकिन उन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया जिन्होंने कथित तौर पर छात्रों के कार्यक्रम में बाधा डाली और छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किया।
सोशल मीडिया वीडियो को बनाया आधार
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद हैं। इन वीडियो से यह स्पष्ट हो सकता है कि घटना के दौरान किसने क्या किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं। मरांडी ने कहा कि छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले उन लोगों पर भी मामला दर्ज होना चाहिए था, जिन पर छात्रों के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप हैं।
FIR नहीं हुई तो धरना देने की चेतावनी
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अगर संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा कार्यकर्ता CO कार्यालय के सामने धरना देंगे।
उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को ही उन्होंने चेतावनी दी थी कि कार्रवाई नहीं होने पर 25 अगस्त को संबंधित मजिस्ट्रेट के कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इस दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, वरुण साहू समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बाबूलाल मरांडी ने अधिकारियों से पूरे मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई करने और छात्रों के साथ न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।
