बैद्यनाथ राम ने राज्यसभा सदस्य के रूप में पद और गोपनीयता की ली शपथ

झारखंड से नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने संसद भवन में शपथ ली। उन्होंने झारखंड के विकास, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड से नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद और झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष बैद्यनाथ राम ने गुरुवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। संसद भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई और उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए बैद्यनाथ राम ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। पहली बार उच्च सदन में पहुंचने पर उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि वह झामुमो के एक समर्पित और ईमानदार कार्यकर्ता रहे हैं तथा राज्यसभा में झारखंड के हितों को मजबूती से उठाएंगे। खासकर दलित, आदिवासी, पिछड़े और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन के सामने रखने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े विषय उनकी प्राथमिकता में रहेंगे। बैद्यनाथ राम ने यह भी कहा कि राज्यसभा में उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, वह केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि झारखंड की जनता के विश्वास का सम्मान है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य और समाज के हित में हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।