रांची: कैथोलिक कलीसिया के परमाध्यक्ष पोप लियो 14वें ने फा. आनंद डेविड खलखो को रांची महाधर्मप्रांत का नया सहायक धर्माध्यक्ष नियुक्त किया है। इस बहुप्रतीक्षित घोषणा के बाद पूरे छोटानागपुर क्षेत्र के आदिवासी कैथोलिक समुदाय में हर्ष और उल्लास का माहौल है। इस हर्षित समाचार की आधिकारिक घोषणा बुधवार को संत मरिया महागिरजाघर में शाम 3:30 बजे रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने उपस्थित पुरोहितों और विश्वासियों के सामने की। इस नियुक्ति से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में कलीसियाई गतिविधियों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक कल्याण के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने सभी पुरोहितों, धर्मसंघियों और विश्वासियों से अपील की है कि वे नव-नियुक्त सहायक धर्माध्यक्ष के स्वास्थ्य, मार्गदर्शन और उनके भावी प्रेरितिक जीवन की सफलता के लिए विशेष प्रार्थना करें। आनेवाले दिनों में नव-नियुक्त सहायक धर्माध्यक्ष के धर्माध्यक्षीय अभिषेक की तिथि की घोषणा की जाएगी।



