चतरा/इटखोरी : चतरा जिला मुख्यालय को इटखोरी एवं मयूरहंड प्रखंड, माँ भद्रकाली मंदिर तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (चौपारण) से जोड़ने वाला बक्सा पुल लगभग 100 वर्ष पुराना है। यह पुल क्षेत्र के हजारों लोगों के आवागमन का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। प्रतिदिन इस पुल से बड़ी संख्या में वाहन, स्कूली बच्चे, मरीज और आम नागरिक गुजरते हैं। लेकिन वर्तमान में पुल की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। लगातार भारी वाहनों के आवागमन से इसकी हालत और खराब होती जा रही है। ऐसे में कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है और लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। पुराने पुल के बगल में एक नए पुल का निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन पिछले कई वर्षों से यह अधूरा पड़ा हुआ है। यदि नए पुल का निर्माण समय पर पूरा कर दिया गया होता, तो लोगों को आज जर्जर और असुरक्षित पुराने पुल से होकर गुजरने की मजबूरी नहीं होती।
आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिवक्ता योगेंद्र यादव ने मांग की है कि बक्सा पुल का अधूरा निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए और नवनिर्मित पुल पर आवागमन शुरू किया जाए। योगेंद्र यादव ने कहा कि वर्षों से पुल का निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। पुराने पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार नहीं किया जा सकता। प्रशासन को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि इन मांगों को लेकर 21 नवंबर 2026 से बक्सा पुल के समीप अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण सत्याग्रह शुरू किया जाएगा। यह सत्याग्रह तब तक जारी रहेगा, जब तक पुल का निर्माण कार्य पूरा कराने और नए पुल पर आवागमन शुरू करने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। अधिवक्ता योगेंद्र यादव ने इटखोरी एवं आसपास के क्षेत्र के सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से इस जनहित के आंदोलन में शामिल होकर अपना समर्थन देने की अपील की है।



