Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम में बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले 5 दिनों तक राज्य का मौसम बदला-बदला रहेगा। 20 नवंबर-23 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी।

वहीं गुरुवार को राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी देखी गई । गुरुवार को रांची अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, शुक्रवार को यानी आज राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है।

जिलेवर मौसम का हाल
राज्य के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा और रामगढ़ जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही बोकारो और धनबाद के आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम खराब देखने को मिल सकता है। इस दौरान गरज-चमक और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है। वहीं मौसम विभाग ने 21 नवंबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी भारी बारिश के आसार है। वहीं, अन्य जिलों में भी बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार राज्य का तापमान 20 नवम्बर को अधिकतम 23 और न्यूनतम 17 डिग्री रहेगा। 21 नवंबर को अधिकतम 23 और न्यूनतम 17 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। 22 नवंबर को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश, तापमान 26 और 16 डिग्री रहने का अनुमान जताया गया है। 23 नवंबर को आंशिक बादल रहेंगे और मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम में बदलाव की वजह से राजधानी समेत राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट आ सकती है। सुबह और शाम ठंड ज्यादा महसूस होगी। मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे नहीं रहने की सलाह दी है।


