चतरा/इटखोरी: निर्माणाधीन बक्सा पुल का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने तथा नवनिर्मित पुल से आवागमन शुरू करने की मांग को लेकर अधिवक्ता योगेन्द्र यादव द्वारा शुरू किया गया शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आज दूसरे दिन भी जारी रहा।
गौरतलब है कि इटखोरी स्थित चतरा-चौपारण मुख्य मार्ग पर बना लगभग 100 वर्ष पुराना बक्सा पुल पूरी तरह जर्जर हो चुका है। भारी वाहनों के लगातार परिचालन के कारण पुल की स्थिति और भी खराब होती जा रही है। इस पुल से प्रतिदिन हजारों लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
पुराने पुल के बगल में एक नए पुल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके बावजूद पिछले करीब 10 वर्षों से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। पुल का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सत्याग्रह के दूसरे दिन झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता एवं सिमरिया विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मनोज चंद्रा, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष बालेश्वर यादव, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुमित कुमार, सेवानिवृत्त प्रशासनिक पदाधिकारी बाल गोविंद राम, मुखिया बद्री यादव, मुखिया अशोक यादव, पूर्व मुखिया लक्ष्मी सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता तथा स्थानीय ग्रामीण सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
सभी ने बक्सा पुल के निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने तथा नवनिर्मित पुल पर शीघ्र आवागमन शुरू कराने की मांग का समर्थन किया।



