
कोलकाता : बांग्लादेश के छात्र नेता नाहिद इस्लाम ने कहा है कि अगर शेख हसीना दिसंबर महीने में देश लौटती हैं तो उन्हें एयरपोर्ट से सीधा फांसी के तख्ते तक ले जाया जाएगा। नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के कन्वेनर और संसद में विपक्ष के मुख्य व्हिप नाहिद इस्लाम ने पूर्व प्रधानमंत्री को लेकर ये बात कही है। नाहिद इस्लाम उन छात्र नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने जुलाई-अगस्त 2024 में शेख हसीना के खिलाफ आंदोलन किया था जिसके बाद उन्हें देश से भागना पड़ा था।
नाहिद इस्लाम ने कहा ‘अगर शेख हसीना दिसंबर में लौटती हैं और अगर तारिक रहमान दिसंबर में उनकी वापसी का इंतजाम करते हैं तो क्या आप इसके लिए तैयार हैं? हम सब इसके लिए तैयार हैं। एयरपोर्ट से सीधे फांसी के फंदे तक ले जाया जाएगा। कोई बातचीत नहीं होगी। पूरे देश के लोग… उस दिन बांग्लादेश की सड़कों पर, ढाका की सड़कों पर होंगे। उन्हें सीधे फांसी के फंदे तक ले जाया जाएगा। जब तक उन्हें फांसी नहीं दे दी जाती हम सड़कों से नहीं हटेंगे।’

