डेस्क : देशभर के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन तेजी से मजबूत हो रहा है और जल्द ही चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार यानी16 नवंबर की शाम तक यह चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। वहीं 17 नवंबर की शाम तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। इस तूफान का असर दक्षिण भारत के तटीय राज्यों में देखने को मिलेगा। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि समुद्र के आसपास 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दूसरी ओर, उत्तर भारत में कोहरे का असर बढ़ने और पहाड़ी राज्यों में बारिश के चलते ठंड तेज होने के आसार हैं।

70 KM तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन फिलहाल 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में यह और शक्तिशाली हो सकता है और आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से सोमवार (16 नवंबर) को दक्षिण-पश्चिम और मध्य बंगाल की खाड़ी में 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हवा के झोंकों की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। समुद्र में खराब मौसम और तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को सख्त सलाह दी गई है कि वे समुद्र में न जाएं।

इन राज्यों पर रहेगा तूफान का असर
संभावित चक्रवाती तूफान का सबसे ज्यादा असर दक्षिण और पूर्वी भारत के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है। IMD ने कई राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश और यनम में 18 से 20 नवंबर के बीच कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 और 19 नवंबर को कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
वहीं ओडिशा में 18 से 21 नवंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों में 19 और 20 नवंबर को तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। आने वाले दिनों में तूफान की दिशा और इसकी तीव्रता के आधार पर मौसम की स्थिति में और बदलाव देखने को मिल सकता है।


