
जमशेदपुर: बीएड, एमएड और बीपीएड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान रविवार को जमशेदपुर स्थित ग्रेजुएट कॉलेज परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा हुआ। परीक्षा में शामिल होने पहुंचे कई अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलने पर उन्होंने केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ छात्र गेट पर चढ़ गए और परीक्षा में शामिल करने की मांग करने लगे।
अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 10:15 बजे निर्धारित था, जबकि परीक्षा 10:30 बजे शुरू होनी थी। उनका आरोप है कि वे परीक्षा शुरू होने से पहले ही केंद्र पहुंच गए थे, लेकिन प्रवेश द्वार पर जांच और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में अधिक समय लगने के कारण उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया।
छात्रों ने आरोप लगाया कि कुछ अभ्यर्थियों को अंतिम समय तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई, जबकि कई अन्य छात्रों को गेट के बाहर ही रोक दिया गया। इसे लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने केंद्र प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि भले ही वे कुछ मिनट की देरी से पहुंचे हों, लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र परिसर में मौजूद थे। इसके बावजूद उन्हें परीक्षा देने का अवसर नहीं दिया गया। उनका कहना है कि इस निर्णय के कारण उनका एक शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो सकता है।
कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि मामूली देरी को आधार बनाकर उन्हें परीक्षा से वंचित कर दिया गया। उनका सवाल था कि जब कुछ छात्रों को अंतिम समय तक प्रवेश दिया जा सकता है, तो अन्य अभ्यर्थियों को यह अवसर क्यों नहीं मिला।
हंगामे के दौरान कुछ समय के लिए परीक्षा केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई, लेकिन परीक्षा से वंचित रहे छात्रों में नाराजगी बनी हुई है। मामले को लेकर अभ्यर्थियों ने संबंधित अधिकारियों से जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

