
कोलकाता: इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल को हुगली जिले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर शादी का वादा करके एक महिला के साथ कथित तौर पर यौन संबंध बनाने का आरोप है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
हुगली रुरल पुलिस एसपी कुंवर भूषण सिंह के मुताबिक, जून में एक छात्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी की पोरेल ने उनसे शादी का वादा किया और शारीरिक संबंध बनाए। इसके अलावा उनके साथ मारपीट और आपराधिक धमकियां भी दीं। बाद में कलकत्ता हाई कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिए कि वह इस मामले में क्रिकेटर को गिरफ्तार करे। हालांकि, पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से साफ इनकार किया है। शिकायत के अनुसार महिला ने बताया है कि वह और पोरेल बीते तीन साल से रिलेशनशिप में थे, लेकिन पिछले साल दोनों के बीच मतभेद होने लगे। इसके बाद क्रिकेटर ने उनसे दूरी बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि पोरेल ने उनसे शादी करने की बात कही थी, लेकिन अब वह इससे मुकर रहे हैं।

